Saturday, September 21st, 2024
Close X

सुनील नागर के पास न पैसे थे और ना ही परिवार का साथ, अब सुधरी स्थिति

मुंबई


रामानंद सागर के हिट टीवी सीरियल 'श्री कृष्णा' के भीष्म पितामह याद हैं? उस सीरियल में यह किरदार एक्टर सुनील नागर ने निभाया था। 'श्री कृष्णा' के सभी कलाकार अपने किरदारों के कारण अमर हो गए थे। 'रामायण' की तरह 'श्री कृष्णा' कलाकारों को भी लोग पूजने लगे थे। ऐसे ही एक कलाकार रहे सुनील नागर। सुनील नागर ने 'श्री कृष्णा' में भीष्म पितामह का रोल प्ले किया था। कुछ साल पहले वह पैसों की तंगी का शिकार हो गए थे। स्थिति बेहद खराब हो गई। यहां तक कि परिवार ने भी उनका साथ छोड़ दिया था। अब वह कहां हैं और किस हाल में हैं, जानते हैं? आइए बताते हैं। कोरोना काल के बीच स्थिति इतनी बिगड़ गई थी कि सुनील नागर को आर्थिक मदद के लिए लोगों के आगे हाथ फैलाना पड़ा। उनके पास न तो पैसे थे और ना ही काम। सुनील नागर ने तब अपने बैंक की डिटेल सोशल मीडिया पर शेयर कर मदद मांगी थी।

इस बारे में सुनील नागर ने बताया था कि वह किसी से मदद नहीं मांगना चाहते थे। पर हालत बहुत खराब थी। ऐसे में उनके एक कास्टिंग डायरेक्टर दोस्त ने सोशल मीडिया पर मदद मांगने के लिए कहा। सुनील नागर ने बताया था कि उन्होंने कई हिट टीवी शोज में काम किया और काफी पैसा कमाया। फिल्में भी कीं। पर आज उन जैसे कलाकारों के लिए काम नहीं है।

सुनील नागर की स्थिति ऐसी हो गई कि उन्हें पेट पालने के लिए अपना मुंबई वाला घर तक बेचना पड़ा और किराए के घर में रहने लगे। सुनील नागर एक सिंगर भी हैं। जब भूखे मरने की नौबत आ गई तो सुनील नागर रेस्टोरेंट और होटलों में गाने को भी तैयार हो गए। एक रेस्टोरेंट से उन्हें गाने का मौका भी मिला, पर लॉकडाउन में वह बंद हो गया।

​सुनील नागर ने परिवार और बेटे से भी मदद मांगी, लेकिन सबने उनसे मुंह मोड़ लिया। सुनील नागर का इस बात को लेकर दर्द छलक उठा था। उन्होंने कहा था कि घर-परिवार में किसी को भी उनकी परवाह नहीं है। परिवार ने उन्हें छोड़ दिया और जिस बेटे के लिए इतनी सबकुछ किया, उसने भी दुत्कार दिया।

लेकिन अब सुनील नागर की स्थिति सुधर चुकी है। वह अब टीवी शो 'काशी विश्वनाथ' में काम कर रहे हैं, जो दूरदर्शन पर है। सुनील नागर फेसबुक पर काफी एक्टिव रहते हैं। वह इंस्टाग्राम पर भी हैं, लेकिन पिछला पोस्ट 27 फरवरी 2023 का है।

Source : Agency

आपकी राय

3 + 6 =

पाठको की राय